पुलिस और चोर के बीच अक्सर कई घटनाएं घटती रहती हैं। दोनों के बीच अपराध और वारदातें होती रहती हैं। लेकिन कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं भी घट जाती हैं जिसकी उम्मीद कम ही होती है। ऐसे ही एक घटना अमेरिका में घटी जहां एक चोर को गिरफ्तार करने निकली पुलिस दो चोरों को पकड़कर लौटी।
दरअसल मामला ऑरेगॉन सिटी का है जहां एक व्यक्ति किसी की कार चुराकर भाग गया, इसके बाद जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत ही उसका पीछा शुरू कर दिया। लैंड क्रूजर चुराकर भाग रहे 27 वर्षीय रैंडी ली कूपर को पकड़ने के लिए पुलिस उसके पीछे लगी रही और तभी अचानक से कूपर की कार न्यूबर्ग शहर में एक महिला की कार से टकरा गई। इसके बाद जब पुलिस ने जांच की तो पाया कि जिस महिला की कार से कूपर की कार टकराई थी, वो भी चोरी की थी. महिला का नाम क्रिस्टिन निकोल बेग बताया गया, जो नशे की हालत में ब्यूक रीगल चला रही थी।
पुलिस ने मामले की जांच की और पाया कि जिस कार को निकोल चला रही थी, वह तीन सप्ताह पहले चोरी हुई थी। फेसबुक पर, न्यूबर्ग-डंडी पुलिस विभाग ने कार का पीछा करने और दुर्घटना की जानकारी साझा की।
फेसबुक पोस्ट में लिखा गया था कि अधिकारियों ने वाहन के चोरी होने के कुछ ही समय में पता लगा लिया कि कार शहर में ही घूम रही है। संदिग्ध ने न्यूबर्ग शहर में पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और फ्रैंकलिन एंड कॉलेज के पास एक ब्यूक रीगल में उसकी कार जाकर टकरा गई। पोस्ट में कहा गया कि अधिकारियों ने कूपर को लैंड क्रूजर कार से ही हिरासत में ले लिया। इसी दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि जिस वाहन से कूपर की कार टकराई थी, वह भी चोरी की थी।
पोर्टलैंड के रहने वाले रैंडी ली कूपर को मोटर वाहन के अनधिकृत उपयोग के मामले में गिरफ्तार किया गया है और उस पर पुलिस को धोखा देने की कोशिश करने, लापरवाह ड्राइविंग और अन्य संबंधित अपराधों की कोशिश करने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, क्रिस्टिन निकोल को एक मोटर वाहन के नशे में चलाने और कार के अनधिकृत उपयोग के तहत गिरफ्तार किया गया था।