अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक प्लास्टिक सर्जरी करने वाला डॉक्टर के खिलाफ जांच बैठाई जाएगी, जो मामले की सुनवाई के दौरान ऑपरेशन करता पाया गया। दरअसल, प्लास्टिक सर्जन ने ट्रैफिक के नियमों का उल्लंघन किया था, जिसे लेकर कोर्ट में उसका वीडियो ट्रायल हो रहा था।
सुपीरियर कोर्ट ऑफ कैलिफोर्निया में सर्जन के खिलाफ मुकदमा चल रहा था, महामारी की वजह से यह सुनवाई वीडियो कॉल के जरिए की जा रही थी। इस दौरान डॉक्टर स्कॉट ग्रीन अदालत के सामने कैमरे के जरिए पेश हुआ तो पता चला कि सुनवाई के दौरान डॉक्टर सर्जरी कर रहे थे।
ऐसे में जज ने सुनवाई को टाल दिया क्योंकि जज ने कहा कि कैलिफोर्निया मेडिकल बोर्ड का कहना है कि वह मामले की जांच करेंगे। बता दें कि वीडियो में कोर्ट ने पाया कि डॉक्टर किसी मरीज का इलाज कर रहे हैं औऱ सर्जरी के दौरान पहने जाने वाले कपड़ों में नजर आ रहे हैं।
हालांकि वीडियो में कोई मरीज नजर नहीं आया लेकिन कैमरे में मशीनों की बीप की आवाज साफ तौर पर सुनी जा सकती है। कोर्ट रूम क्लर्क ने सवाल किया कि हेलो मिस्टर ग्रीन, क्या आप ट्रायल के लिए उपलब्ध हैं? बाद में क्लर्क ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे आप ऑपरेटिंग रूम में हैं?
हालांकि इस दौरान क्लर्क ने डॉक्टर को याद दिलाया कि प्रक्रिया की लाइव स्ट्रीमिंग हो रही है। इस पर डॉक्टर ने जवाब दिया कि हां मैं, ट्रायल के लिए उपलब्ध हूं और ऑपरेटिंग रूम में हूं। वीडियो में नजर आया कि वे कोर्ट कमिश्नर गैरी लिंक का इंतजार करते हुए लगातार अपना काम कर रहे थे।
लिंक जैसे ही पहुंचे, तो उन्होंनेे स्कॉट को देखा और उन्हें मरीज की चिंता हुई। इस दौरान जज को सुनवाई करने में हिचकिचाहट हुई। डॉक्टर ग्रीन ने कहा कि मेरे साथ एक और सर्जन मौजूद हैं, जो मेरे साथ सर्जरी कर रहे हैं। ऐसे में मैं यहां खड़ा रह सकता हूं और उन्हें सर्जरी करने दे सकता हूं।
इस पर जज ने कहा कि ऐसे हालातों में सुनवाई करना सही नहीं है। उन्होंने ग्रीन को ट्रायल देने के लिए नई तारीख का एलान किया तो इस पर डॉक्टर ने माफी मांगी।