रूस पहले ही कर चुका था कब्जे का दावा
रूस ने कुछ दिन पहले ही क्रेमिन्ना शहर पर नियंत्रण का दावा किया था। क्रेमिन्ना, यूक्रेनी राजधानी कीव से 575 किमी दूर दक्षिण-पूर्व में है। लेकिन अब ब्रिटेन ने खुफिया रिपोर्ट जारी कर कब्जे की पुष्टि की है। ब्रिटिश सेना ने यह नहीं बताया कि क्रेमिन्ना पर कब्जे की सूचना उसे कहां से मिली।
दोनेस्क, लुहांस्क में नागरिकों पर गोलाबारी
दोनेस्क क्षेत्र में रूसी गोलाबारी में 4 लोगों की मौत हो गई व 9 अन्य घायल हो गए। क्षेत्र के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने मंगलवार को बताया कि पीड़ितों में दो बच्चे (9 साल की लड़की व 14 साल का लड़का) शामिल है। लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई ने कहा, रूस ने 24 घंटे में नागरिकों पर 17 बार गोलाबारी की है। इसमें पोपसना, लिसिचांस्क और गिर्सके शहर सबसे अधिक प्रभावित हैं। मंगलवार सुबह जपोरिझिया क्षेत्र में रॉकेट हमलों की भी सूचना दी गई।
यूक्रेन के 7 बंदरगाहों पर 18 देशों के 76 जहाज फंसे : रूस
रूस के राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केद्र के प्रमुख मिखाइल मिजिंत्सेव ने बताया कि यूक्रेन के सात बंदरगाहों पर फिलहाल 70 से ज्यादा विदेशी जहाज खड़े हैं। यहां लगातार बमबारी से जहाज फंसे हुए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि युद्ध के चलते 18 देशों के 76 विदेशी जहाज बमबारी के खतरे के चलते यूक्रेनी बंदरगाहों से निकल नहीं पा रहे हैं। ये जहाज खेरसान, नोकोलायेव, चेर्नोमार्सक, ओचाकोव, ओडेसा, यूझनी और मैरियूपोल में रुके पड़े हैं। मिजिन्तसेव ने यह भी कहा कि यूक्रेन के जलक्षेत्र से सुरक्षित निकासी के लिए हर रोज रूसी सेना की ओर से रास्ता दिया जा रहा है।