पाकिस्तान में रविवार को कोविड-19 संक्रमण के 6127 मामले मिले जो साल 2021 का नया रिकॉर्ड है। वहीं 149 की मौत भी हुई है। पिछले वर्ष जून में सर्वाधिक 6825 मामले मिले थे और 153 लोगों की मौत हुई थी। यहां 21 अप्रैल से 50 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू होने जा रहा है। 22 करोड़ की आबादी वाले पाकिस्तान में अब तक केवल 13 लाख लोगों को टीका लगा है।
इजराइल में खुली जगह पर मास्क की अनिवार्यता खत्म
इजराइल में कोरोना वायरस संक्रमण दर में गिरावट आने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने 18 अप्रैल से खुली जगह पर मास्क की अनिवार्यता खत्म कर दी। हालांकि बड़ी भीड़ वाली जगहों में लोगों को मास्क लगाने का सुझाव दिया गया है। यहां पिछले वर्ष दिसंबर में ही टीकाकरण शुरू हो चुका था।
अमेरिका ने एक-चौथाई आबादी का टीकाकरण पूरा किया
अमेरिका ने अपनी एक-चौथाई आबादी का टीकाकरण पूरा कर लिया है। यहां अब तक 20.58 करोड़ डोज दिए गए हैं, जिनसे 12.94 करोड़ लोगों को कम से कम एक और 8.24 करोड़ को दोनों डोज मिली हैं। राष्ट्रपति बाइडन प्रशासन ने 20 जनवरी को हुए अपने पदग्रहण के अगले 100 दिन में 20 करोड़ डोज देने का लक्ष्य रखा था। अमेरिका में 5.60 लाख लोगों की मौत कोरोना वायरस से हुई है।