अमेरिका के केंटकी राज्य में तूफान के कारण बड़ी तबाही देखने को मिली है। अब तक इसकी चपेट में आने से 70 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर ने इस घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि तूफान के कारण अब तक कम से कम 70 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव के कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
बेशियर ने बताया कि तूफान की वजह से ज्यादातर नुकसान ग्रेव्स काउंटी में हुआ है। इसमें मेफील्ड शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। अन्य शहरों में ही हालत ठीक नहीं है। तूफान की वजह से भारी नुकसान होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मेफील्ड में एक फैक्टरी है, जिसकी छत ढह गई है। इसमें घटना के दर्जनों लोगों के मारे जाने की आशंका है।
तूफान से प्रभावित इमारतों में ग्रेव्स काउंटी कोर्ट हाउस और आसपास की जेल भी शामिल हैं। मिसौरी में सेंट चार्ल्स और सेंट लुइस काउंटी के कुछ हिस्सों में 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।
उन्होंने बताया कि सेंट चार्ल्स काउंटी में तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगस्टा, मिसौरी में कई मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं। तूफान की वजह से 2.4 लाख लोगों को अंधेरे में रहने पर मजबूर होना पड़ा है।
पूर्वी अमेरिका के ज्यादात हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर के अनुसार, ओहियो और टेनेसी घाटियों समेत उत्तरी खाड़ी राज्यों में तेज आंधी चल सकती है। आसपास के राज्यों में भी तूफान की वजह से अब तक पांच लोगों की मौत और नुकसान होने की सूचना है। बेशियर ने तूफान को देखते हुए राज्य में आपातकाल घोषित किया है।