स्विट्जरलैंड में बुर्का पहनने पर 82 हजार जुर्माने का प्रस्ताव
स्विट्जरलैंड सरकार ने संसद को एक कानून का मसौदा भेजा है। इसमें देश में बुर्के पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर 82,677 रुपये जुर्माना लगाने का प्रस्ताव है। सरकार बुर्के पर प्रतिबंध सख्ती से लागू कराना चाहती है। पिछले साल सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने के मुद्दे पर कराए गए जनमत संग्रह में इस दक्षिणपंथी प्रस्ताव को करीबी जीत मिली थी। प्रस्ताव में सीधे इस्लाम का जिक्र नहीं किया गया है। इसका मकसद सड़कों पर मास्क पहनकर हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर लगाम लगाना भी है।
एबीसी-इंडिया के महासचिव होर्मुज्द मसानी एपीएबीसी के प्रेसिडेंट निर्वाचित
ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (एबीसी) इंडिया के महासचिव होर्मुज्द मसानी को सर्वसम्मति से एशिया पैसिफिक ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्टिफिकेशन (एपीएबीसी) का एक बार फिर प्रेसिडेंट चुन लिया गया है। इंटरनेशनल फैडरेशन ऑफ ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्टिफिकेशन (आईएफएबीसी) की पिछले दिनों संपन्न बैठक में मसानी को कार्यकारी बोर्ड का सदस्य (मानद कोषाध्यक्ष) भी चुना गया है। आईएफएबीसी के कार्यकारी बोर्ड में भारत के साथ ही ऑस्ट्रिया, ब्राजील, फ्रांस, जर्मनी, रोमानिया, स्पेन, ब्रिटेन और अमेरिका से भी प्रतिनिधि हैं।
मसानी वर्ष 2008 से लगातार आईएफएबीसी के कार्यकारी बोर्ड में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। आईएफएबीसी ने अपनी इस महासभा में विश्वस्तर पर मीडिया में ऑडिटिंग और आकलन में नवोन्मेष और सर्वोत्तम कार्यप्रणाली लागू करने के बारे में विचार विमर्श भी किया। आईएफएबीसी मीडिया में विश्वास और पारदर्शिता का समर्थन करने वाले सहयोगी समाधान विकसित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है, मसानी दिसंबर 1998 से भारत के ऑडिट ब्यूरो ऑफ सर्कुलेशन (एबीसी) के महासचिव हैं।