इस्लामिक जिहादी समूह के प्रवक्ता मुसाब अल बेरिम ने संघर्ष विराम की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, इस्राइल ने हमारे शीर्ष कमांडर अबू अल अता को मारकर लगातार 48 घंटे से हमले किए हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस्राइली हवाई हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो चुकी है।
इस हिंसा पर संयुक्त राष्ट्र के विशेष समन्वयक निकोले म्लाडेनोव ने कहा कि नागरिकों के खिलाफ किसी भी हमले का कोई औचित्य नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के खिलाफ रॉकेट और मोर्टार का अंधाधुंध इस्तेमाल किया जाना बिल्कुल अस्वीकार्य है, इसे तुरंत रोकना चाहिए। संयुक्त राष्ट्र तत्काल स्थिति को कम करने के लिए काम कर रहा है।
इस ताजा जंग से तेल अवीव समेत इस्राइल के सीमावर्ती इलाके में आपात हालातों के चलते जनजीवन पूरी तरह से थम गया है। गाजा के निकट के इस्राइली स्कूल और सरकारी प्रतिष्ठानों को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। रॉकेट से होने वाले हमलों के चलते लोगों के बाहर निकलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
जब तक गाजा क्षेत्र से हमले बंद नहीं होंगे, हमारे हमले बिना दया किए जारी रहेंगे। उनके पास सिर्फ एक ही विकल्प है - या तो इन हमलों को रोकें अथवा अधिक से अधिक हमलों के लिए तैयार रहें।