अमेरिका के वर्जिनिया के पोर्ट्समाउथ में 30 साल पुराने चर्च को हिंदुओं के स्वामीनारायण मंदिर में बदला जाएगा। मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा तब की जाएगी जब चर्च को मंदिर के तौर पर बदल दिया जाएगा। यह अमेरिका का छठा और दुनिया का नौंवा ऐसा चर्च है जिसे कि मणिनगर, अहमदाबाद स्थित स्वामीनारायण गड़ी संस्थान द्वारा स्वामीनारायण मंदिर में तब्दील किया जाएगा।
वर्जिनिया के अलावा अमेरिका के कैलिफोर्निया, लुईसविले, पेन्नसिल्वानिया, लॉस एंजिलिस और ओहियो के चर्चों को मंदिर में तब्दील किया जा चुका है। इसी तरह ब्रिटेन के लंदन और मैनचेस्टर के पास स्थित बोल्टन के दो चर्चों को मंदिर में बदला गया है। स्वामीनारायण संस्थान ने कनाडा के टोरंटो मे स्थित 125 साल पुरानी संपत्ति का अधिग्रहण किया था।
संस्थान के महंत भगवतप्रियादास स्वामी ने कहा कि पुरुषोत्तमप्रियदास स्वामी के दिशा-निर्देश में आध्यात्मिक संस्थान के प्रमुख 30 साल पुराने चर्च का अधिग्रहण करेंगे ताकि इसका स्वामीनारायण मंदिर के तौर पर नवीकरण किया जा सके। भगवतीप्रसाद स्वामी ने कहा, 'पोर्ट्समाउथ के चर्च में ज्यादा बदलावों की जरुरत नहीं है क्योंकि यह पहले से ही दूसरी आस्था का आध्यात्मिक स्थल रहा है। वर्जिनिया में हरिभक्तों के लिए यह पहला मंदिर होगा।'
स्वामीनारायण मंदिर के सूत्रों का कहना है कि वर्जिनिया में 10,000 गुजरातियों की जनसंख्या रहती है। जिसमें बहुत से उत्तरी गुजरात. कच्छ और केंद्रीय गुजरात से ताल्लुक रखते हैं। यह चर्च 18,000 स्कवायर फीट में फैला हुआ है। इसमें पार्किंग के लिए बहुत बड़ी जगह है जहां 150 चार पहिया वाहन खड़े हो सकते हैं। इस चर्च को 1.6 मिलियन डॉलर में खरीदा गया है।