यमन के एक कमांडर ने दावा किया है कि बंदरगाह शहर अदन की ओर बढ़ रहे सरकारी बलों को निशाना बना कर किए गए हवाई हमलों में कम से कम 30 सैनिकों की मौत हो गई। विशेष बलों के कमांडर कर्नल मोहम्मद अल-ओबन ने कहा कि सेना बृहस्पतिवार को अदन की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान हवाई हमले हुए।
उन्होंने यह नहीं बताया कि इन हवाई हमलों के पीछे कौन था। उन्होंने सिर्फ यही कहा कि विमान सऊदी नीत गठबंधन की ओर से थे। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अधिकारियों ने इस संबंध में तत्काल टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। गठबंधन में यूएई भी शामिल है।