मोहम्मद नदीमुद्दीन (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
लंदन में हैदराबाद के रहने वाले 24 साल के भारतीय नागरिक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। यह घटना बुधवार को लंदन के एक मॉल के बाहर घटित हुई। पीड़ित परिवार के करीबी ने बताया कि हमलावर एशिया का ही रहने वाला है। मृतक का नाम मोहम्मद नदीमुद्दीन है जो हैदराबाद के ओल्ड सिटी एरिया का रहने वाला था। बर्कशायर के टेस्को सुपरमार्केट की पार्किंग में सुरक्षा गार्ड ने उसे मृत पाया। वह इसी सुपरमार्केट मे काम करता था।
नदीम के पारिवारिक दोस्त फहीम कुरैशी ने कहा, 'देर रात तक जब वह घर वापिस नहीं आया तो उसकी पत्नी और मां जो उसके साथ लंदन में रहते थे उन्होंने सुपरमार्केट के प्रबंधन को फोन किया। सुपरमार्केट के कर्मचारियों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ मॉल की जांच की और उन्हें उसका शव पार्किंग में पड़ा हुआ मिला।' शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। लंदन पुलिस को एक पाकिस्तानी नागरिक पर शक है जो उसी सुपरमार्केट में काम करता है।
नदीम ने हैदराबाद के एक कॉलेज से स्नातक किया था और वह 2012 में लंदन आया था। जहां उसे सुपरमार्केट में नौकरी मिल गई। इसके बाद उसके माता-पिता भी यहीं आ गए। पेशे से डॉक्टर उसकी पत्नी अफशा 25 दिन पहले ही लंदन आई थी। वह गर्भवती है और भारत वापस नहीं आ सकती क्योंकि नियम उसे यात्रा की अनुमति नहीं देते हैं। नदीम की पत्नी इस समय सदमे में है। उसकी मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग चल रही है।
कुरैशी ने कहा, 'वह (नदीम के परिवारवाले) उसके शव को अंतिम संस्कार के लिए हैदराबाद नहीं ला सकते हैं। उसे लंदन में ही दफन किया जाएगा।' उन्होंने कहा कि वह और उनके कुछ रिश्तेदार अंतिम संस्कार के लिए ब्रिटेन जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और तेलंगाना के गृह मंत्री मोहम्मद महमूद अली को पत्र भेजे हैं जिसमें लंदन जाने वाले रिश्तेदारों की मदद का करने का अनुरोध किया गया है। नदीम को ब्रिटेन में स्थायी आवास मिल गया था और अगले कुछ महीनों में उसे ब्रिटिश नागरिकता मिलने वाली थी क्योंकि प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी।