गाजा में विस्थापन को मजबूर लोग
- फोटो : ANI/UNRWA
संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को एक रिपोर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि इस्राइल के गाजा के खान यूनिस क्षेत्र में नए निकासी आदेश जारी करने के बाद लगभग ढाई लाख लोगों को विस्थापित हो जाएंगे।
फलस्तीन शरणार्थियों की सहायता करने वाली संयुक्त राष्ट्र एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए ने कहा कि इस्राइली अधिकारियों के आदेशों के बाद दक्षिणी गाजा में "अराजकता और दहशत" फैल रही है।
पानी के किनारे आश्रय बनाने को हैं मजबूर
संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में बताया गया कि दक्षिणी शहर से भाग रहे गाजावासियों को पानी के किनारे आश्रय बनाने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि तट पर विस्थापन शिविर पहले से ही भरे हुए थे। कुछ हफ्ते पहले भयानक इस्राइली बमबारी के बाद खान यूनिस को वीरान छोड़ दिया गया था। लेकिन मई की शुरुआत में इस्राइली रक्षा बलों (आईडीएफ) के राफा में चले जाने के बाद कुछ परिवार वहां चले गए।
समुद्र तट पर एक रेतीला क्षेत्र है अल-मवासी
बता दें कि अल-मवासी समुद्र तट पर एक रेतीला क्षेत्र है। यह गाजा पट्टी के केंद्र में दीर अल-बलाह शहर के दक्षिण-पश्चिम से पश्चिमी खान यूनिस के मध्य और राफा के पश्चिम तक फैला हुआ है। इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, सीवेज नेटवर्क, बिजली लाइनों, संचार नेटवर्क और इंटरनेट का अभाव है, जिससे वहां रहने वाले विस्थापित व्यक्तियों के लिए रहने की स्थिति कठिन हो गई है।
आठ महीने से चल रही है जंग
हमास और इस्राइल बीते आठ महीने से जंग लड़ रहे हैं। इस्राइल द्वारा हमास को खत्म करने का संकल्प गाजा पट्टी के लोगों पर भारी पड़ रहा है। गाजा में पैदा हुई मानवीय परिस्थितियों को लेकर दुनिया भर के लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं, इस्राइल अपने लक्ष्य पर डटा हुआ है। उसका कहना है कि वह जल्द ही उत्तरी गाजा में हमास शासन को बदलने की योजना लागू करेगा।