वेबसाइट हैकिंग और यात्रियों का डाटा चोरी होने के मामले में ब्रिटिश एयरवेज पर रिकॉर्ड 157 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बता दें कि साल 2018 में साइबर हैकर्स ने ब्रिटिश एयरवेज के कंप्यूटर हैक कर लिए थे और यात्रियों का डाटा चुरा लिया था।
इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (आईएजी) ने जानकारी दी कि यूके सूचना आयुक्त ने डाटा प्रोटेक्शन एक्ट के तहत ब्रिटिश एयरवेज को नोटिस भी जारी किया है। यूके सूचना आयुक्त ने बताया कि यह जुर्माना एयरवेज के साल 2017 के टर्नओवर का 1.5 फीसदी है।
ब्रिटिश एयरवेज का कहना है कि उसके सिक्योरिटी सिस्टम पर छह सितंबर 2018 को पहला साइबर हमला हुआ था। इस हमले में हैकर्स ने लगभग पांच लाख यात्रियों का डाटा चुराया था। इस डाटा में यात्रियों के नाम-पते के साथ ईमेल आईडी जैसी जानकारियां थीं।
एयरलाइंस के सीईओ एलेक्स क्रूज ने कहा कि हालांकि इसका कोई सबूत नहीं है कि यात्रियों का डाटा चोरी हुआ है, फिर भी हम यात्रियों से माफी मांगते हैं। वहीं, आईएजी प्रमुख विली वॉल्स ने कहा कि एयरवेज जुर्माने के खिलाफ अपील करने का अधिकार है।
इससे पहले डाटा लीक मामले में फेसबुक पर भी जुर्माना लगाया जा चुका है। कैंब्रिज एनालिटिका डाटा स्कैंडल में फेसबुक पर 4.30 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा था। कैंब्रिज एनालिटिका द्वारा फेसबुक के करीब 8.7 करोड़ यूजर्स का डाटा चोरी करने का खुलासा हुआ था।