ताइवान के बाद अब शक्तिशाली तूफान ‘लेकिमा’ चीन में तबाही मचा रहा है। शनिवार तड़के तूफान ने चीन के झेजियांग प्रांत में दस्तक दी थी। जिसके बाद 187 किमी प्रतिघंटे की तेज रफ्तार के साथ भारी बारिश भी शुरू हो गई थी। झेजियांग प्रांत में आए इस भीषण तूफान के कारण मरने वालों की संख्या 32 हो गई है, जबकि दर्जनों घायल है। तूफान ने 173,000 हेक्टेयर से अधिक फसलों और 34,000 घरों को नुकसान पहुंचाया है। फिलहाल बचाव अभियान भी जारी है।
तूफान लेकिमा के कारण भारी बारिश हो रही है और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। साथ ही भूस्खलन ने नदियों का रास्ता बंद कर दिया है। एनएमसी का कहना है कि तूफान 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ने के साथ कमजोर होगा। बता दें कि शुक्रवार को तूफान ताइवान के उत्तरी छोर से होकर गुजरा था, जहां नौ लोग जख्मी हुए थे। तेज हवाओं के चलते हजारों घरों में बिजली प्रभावित हुई थी और 500 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ी थी।