आर्मिस्टिक समझौते के मुताबिक 1949 में 20,770 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में भले ही यहूदी बहुल इजरायल बसा दिया गया हो लेकिन यहां से निकल रही पुरातात्विक वस्तुएं अब भी बताती हैं कि पुरातन काल में यहां मुस्लिम और ईसाई सभ्यताएं भी पनपी हैं। यहां नेगेव रेगिस्तान में हाल ही में 1200 साल पुरानी मस्जिद मिली है जिसका इस्तेमाल उस समय के किसान करते रहे होंगे।
करीब 1200 साल पुरानी यह मस्जिद एक आयताकार इमारत है जिसका ऊपरी सिरा खुला हुआ है। इसमें बना प्रार्थना स्थल आकार में गोल होने के साथ-साथ मक्का की दिशा में है, जहां की तरफ मुंह करके इबादत की जाती होगी। अनुमान है कि इसका इस्तेमाल उस वक्त किसान करते होंगे। इस इलाके में मस्जिद जैसी कोई संरचना पहली बार ही मिली है जो इजरायल की अब तक की सबसे पुरानी ज्ञात मस्जिदों में से एक है।
इस खुदाई में घरों के अंदर बैठक कक्ष, आंगन, भंडार कक्ष और रसोई घर भी मिले हैं। भोजन पकाने के लिए आग जलाई जलाने वाली कुछ जगहों के बारे में भी पुरातत्वविदों को पता चला है। यहां की आग रसोई घरों में ले जाई जाती थी। इसके साथ ही यहां एक खेत भी मिला है जिसके छठी या सातवीं शताब्दी के होने का अनुमान लगाया गया है।