चीन की एक अदालत ने हांगकांग के अवैध रूप से सीमा पार करने वाले 10 लोकतंत्र समर्थकों को सजा सुनाई है। स्पीडबोट द्वारा हांगकांग से भागने के आरोप में गिरफ्तार इन लोकतंत्र समर्थकों को शेनझेन के दक्षिणी शहर स्थित येंटियन की जिला अदालत ने सात माह से लेकर तीन साल तक की जेल की सजा सुनाई गई है।
चीन की इस कार्रवाई ने विश्व बिरादरी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। बता दें कि इन लोगों को इस वर्ष 23 अगस्त को नाव से ताइवान भागते समय पकड़ा गया था। अदालत ने उन्हें 10,000 युआन (1,533 डॉलर) जुर्माने की सजा भी सुनाई है। चीनी कोर्ट ने तांग काई-यिन (31) और क्विन मून (33) को इस वारदात का सरगना माना है और उन्हें सात वर्ष जेल की सजा सुनाई है।
यिन पर बीस हजार युआन और मून पर पंद्रह हजार युआन का जुर्माना लगाया गया है। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि इन दोनों ने दूसरों के कहने पर इस वारदात को अंजाम दिया है। कोर्ट की इस टिप्पणी से माना जा रहा है कि इस मामले में और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है।
एमनेस्टी ने जताई चिंता
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने चीन में बंद इन कार्यकर्ताओं की सुरक्षा पर चिंता जताई है। समूह की एशिया-प्रशांत क्षेत्र की निदेशक यामिनी मिश्रा ने कहा कि हांगकांग के जिन लोकतंत्र समर्थक कार्यकर्ताओं को सजा सुनाई गई है, उन्हें जेल में यातनाओं का सामना करना पड़ सकता है। अदालत ने कहा है कि सभी 10 कार्यकर्ताओं ने अपना जुर्म कुबूल किया है।