द केरल स्टोरी के निर्देशक सुदीप्तो सेन ने खुलासा किया है कि पश्चिम बंगाल में वितरकों को राज्य में फिल्म नहीं दिखाने के लिए धमकी मिल रही है। फिल्म के प्रोड्यूसर ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से एक बार फिल्म देखने का अनुरोध किया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा केरल स्टोरी पर पश्चिम बंगाल सरकार के प्रतिबंध पर रोक लगाने के बाद कोलकाता पहुंचे प्रोड्यूसर और निर्देशक यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
फिल्म के निर्देशक सुदीप्तो ने कहा, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तैयारी के साथ हम कोलकाता आए थे। लेकिन यहां आकर हमको अफसोस हुआ कि बहुत से वितरकों ने फिल्म को दिखाने में असमर्थता जाहिर की है। पता चला है कि उनको धमकाया जा रहा है। दूसरी ओर प्रोड्यूसर विपुल शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से टीम के साथ फिल्म देखने का आग्रह किया। निर्देशक सुदीप्तो सेन ने प्रतिबंध को 'अवैध' बताया।
विपुल ने कहा, 'मैं हाथ जोड़कर ममता दीदी से कहना चाहूंगा कि इस फिल्म को हमारे साथ देखें और अगर उन्हें ऐसा कुछ मिलता है तो हमसे चर्चा करें। हम उनकी आलोचनाओं को सुनना चाहेंगे और अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत करना चाहेंगे। यह लोकतंत्र है जिसके बारे में हम बात करते हैं। हम असहमति के लिए सहमत हो सकते हैं। हम चर्चा कर सकते हैं। यह मेरा अनुरोध है और हम इंतजार करेंगे।
सुदीप्तो ने कहा, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लोगों में काफी उत्साह था। उनको लग रहा था कि वे अब फिल्म देख पाएंगे। उन्होंने कहा, यहां आकर हमको काफी निराशा हुई है। हम लोगों से मिलना चाहते थे। लेकिन यहां कुछ भी नहीं बदला है। अभी भी फिल्म सिनेमाघरों से दूर है। हमने इसकी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा, हम कोई राजनीतिक नहीं हैं, फिर भी यह सब देखकर हैरानी हुई है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा बंगाल में फिल्म से प्रतिबंध हटाने के बाद दोनों शुक्रवार को कोलकाता आए हुए थे।