राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक (डीजी) लेफ्टिनेंट जनरल गुरबीरपाल सिंह ने उम्मीद जताई कि नए कैडेटों के प्रशिक्षण के लिए बंगाल सरकार के साथ फंडिंग का मुद्दा जल्द हल हो जाएगा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बंगाल व सिक्किम निदेशालय के एनसीसी कैडेटों के कार्यों की प्रशंसा की। तीन दिवसीय दौरे पर आए सिंह ने कहा, हम इस मुद्दे को हल करने के लिए आशान्वित हैं।
हाल ही में एनसीसी की ओर से दावा किया गया था कि नए कैडेटों के लिए प्रशिक्षण शिविरों को आयोजित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा अपने हिस्से की धनराशि जारी नहीं की जा रही है। इससे देरी के चलते नए कैडेटों का नामांकन और प्रशिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल सरकार ने वर्ष 2022-23 के लिए अपना पूरा हिस्सा जारी नहीं किया है। राज्य सरकार शिविरों के लिए 25 फीसदी कोष देती है, जबकि केंद्र 75 फीसदी राशि देता है।
उन्होंने कहा, एनसीसी का पश्चिम बंगाल निदेशालय सबसे पुराने निदेशालयों में से एक है और 1100 संस्थानों से एक लाख से अधिक कैडेट तैयार किए गए हैं। डीजी ने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में बंगाल व सिक्किम निदेशालय के एनसीसी कैडेटों के कार्यों की प्रशंसा की। एनसीसी द्वारा तटीय क्षेत्र में प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण के खिलाफ पुनीत सागर अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एनसीसी के एडीजी उदय शंकर सेनगुप्ता भी उनके साथ थे।