पंजाब के होशियारपुर स्थित सहायक प्रशिक्षण केंद्र, बीएसएफ (BSF), खड़का कैंप में आयोजित अंतर सीमांत बॉक्सिंग प्रतियोगिता-2022 में दक्षिण बंगाल सीमांत ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए परचम लहराया और ऑल ओवर चैंपियनशिप टॉफी पर कब्जा जमाया। एसएस मांड, कमांडिंग ऑफिसर, एसटीसी, खड़का कैंप ने बल के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और मीडिया की उपस्थिति में इस समारोह के समापन की घोषणा की। टीम की जीत पर डा. अतुल फुलझेले, आईपीएस, महानिरीक्षक, दक्षिण बंगाल सीमांत ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताते हुए बधाई दी।
बीएसएफ अधिकारी के मुताबिक चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में बीएसएफ के 11 सीमांतों की टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से नई प्रतिभाओं की खोज करने और ऐसे खिलाड़ियों का चयन करने का प्रयास किया गया, जो भविष्य में बल का प्रतिनिधित्व कर सकें और विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भाग ले सकें। इस प्रतियोगिता में दक्षिण बंगाल सीमांत की टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य के साथ पदक तालिका का नेतृत्व किया और समग्र चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।
इस प्रतियोगिता में दक्षिण बंगाल सीमांत के 22 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। डा. अतुल फुलझेले, आईपीएस, महानिरीक्षक, दक्षिण बंगाल सीमांत ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर खुशी जताई और उनको बधाई दी। उन्होंने कहा, खिलाड़ियों ने जीत का परचम लहराकर इस सीमांत का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों के मनोबल को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा की आगे भी हमारे खिलाड़ी इसी तरह विभिन्न खेलों के माध्यम से बल का मान–सम्मान बढ़ाते रहेंगे।