फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cargo Plane Crashes in Bolivia:बोलिविया में नोटों से भरा विमान हाईवे पर क्रैश!

Sat, 28 Feb 2026 12:07 PM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

बोलिविया की राजधानी ला पाज के पास शुक्रवार को ऐसा मंजर दिखा, जिसे देखने वालों की रूह कांप गई। एक मालवाहक विमान ने उड़ान भरी ही थी कि कुछ ही मिनटों बाद वह नियंत्रण खो बैठा और रनवे से फिसलता हुआ शहर की ओर बढ़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, विमान पास के शहर एल आल्टो की व्यस्त हाईवे पर जा घुसा। देखते ही देखते चीख-पुकार और धुएं का गुबार पूरे इलाके में फैल गया।

दमकल विभाग के प्रमुख पावेल टोवर के मुताबिक इस भीषण हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि मरने वाले लोग विमान में सवार थे या हाईवे पर चल रही गाड़ियों में मौजूद थे। हादसे के वक्त हाईवे पर सामान्य यातायात चल रहा था और विमान की टक्कर से कम से कम 15 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान ने अचानक दिशा बदली, रनवे पर लड़खड़ाया और फिर तेज रफ्तार से सड़क की ओर बढ़ गया। कुछ ही सेकंड में वह गाड़ियों से टकराता चला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई कारें पलट गईं और उनमें आग लग गई। इसके बाद विमान में भी भीषण आग भड़क उठी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अधिकारियों के अनुसार यह विमान बोलिविया वायुसेना का हरक्यूलिस विमान था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह देश के केंद्रीय बैंक से नए छपे नोट लेकर दूसरे शहरों की ओर जा रहा था। हादसे के बाद जब विमान का ढांचा टूटकर बिखरा तो बड़ी मात्रा में नकदी हाईवे और एयरपोर्ट परिसर के बाहर फैल गई। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में सड़क पर बिखरे नोट, जल चुकी गाड़ियां और विमान का मलबा साफ देखा जा सकता है।

नोटों के बिखरने की खबर फैलते ही सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। कई लोग सड़क पर गिरे नोट समेटने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा और भीड़ को हटाया गया। प्रशासन ने इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया है।

इस गंभीर हादसे के बाद एहतियातन एयरपोर्ट से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। विमान दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञ तकनीकी खामी, पायलट की त्रुटि या मौसम संबंधी कारणों की पड़ताल कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।

फिलहाल ला पाज और एल आल्टो के लोगों के दिलों में दहशत है। हाईवे पर बिखरा मलबा और नोटों के बीच पड़ी जली हुई गाड़ियां इस हादसे की भयावहता की गवाही दे रही हैं। यह दुर्घटना न सिर्फ विमानन सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि उस लापरवाही की भी याद दिलाती है, जिसकी कीमत आम लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें