जौनपुर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास मंच की ओर से तीन दिवसीय आयोजन
जूनियर वर्ग कबड्डी में मसूरी बॉयज क्लब और राजधानी क्लब द्वारगढ़ की टीमें जीतीं
थत्यूड़/नैनबाग।(टिहरी)। राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत में जौनपुर क्रीड़ एवं सांस्कृतिक विकास मंच की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 26वें खेलकूद सांस्कृतिक एवं विकास महोत्सव छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुति से शुरू हुआ। प्रतियोगिता में आयोजित जूनियर बालक वर्ग कबड्डी मैच में मसूरी बॉयज क्लब और बालिका वर्ग में राजधानी क्लब द्वारगढ़ की टीमें विजेता बनी।
सोमवार को जौनपुर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास मंच की ओर से जीआईसी गरखेत के खेल मैदान में आयोजित तीन दिवसीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक विकास महोत्सव का जौनपुर ब्लॉक प्रशासक सीता रावत ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास मंच विगत 26 वर्षों से लगातार विकास महोत्सव का आयोजन करता आ रहा है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। कहा कि खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जौनपुर क्षेत्र का युवा वर्ग बड़े-बड़े मंचों पर जौनपुर और उत्तराखंड का रोशन कर रहा है।
महोत्सव के पहले दिन बालक वर्ग जूनियर कबड्डी का मैच मसूरी बॉयज क्लब और नाग देवता क्लब परोगी के बीच खेला गया, जिसमें मसूरी बॉयज क्लब विजेता बना। बालिका वर्ग का मैच राजकीय इंटर कॉलेज गरखेत और राजधानी क्लब द्वारगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। इसमें राजधानी क्लब द्वारगढ़ की टीम विजेता रही। छात्र-छात्राओं ने महोत्सव के शुभारंभ पर कई रंगारंग प्रस्तुति दी।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष सुरेश पंवार ने बताया कि खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ रात्रि सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें गढ़वाली, जौनपुरी गायक-गायिकाओं के साथ स्थानीय लोक गायक भी प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर सरदार सिंह कंडारी, अरविंद सिंह पुंडीर, समीर पंवार, सुंदर सिंह रावत, सुनील भंडारी, दिनेश रावत, सूर्य सिंह पंवार आदि मौजूद थे।