नई टिहरी। श्रीदेव सुमन विवि के छात्र-छात्राओं को सेमेस्टर परीक्षा के रिजल्ट के लिए अभी लंबा इंतजार करना होगा। 12 केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य शुरू हो गया है। आगामी दो फरवरी को शीतकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद विवि प्रशासन सेमेस्टर परीक्षा का रिजल्ट जारी करेगा।
श्रीदेव सुमन विवि की सत्र 2023-24 के अधिकांश सेमेस्टर की परीक्षाएं संपन्न हो गई है। गढ़वाल मंडल के 12 परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन का कार्य शुरू हो चुका है। 13 जनवरी से दो फरवरी तक विवि के कैंपस कॉलेज और संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में शीतकालीन अवकाश रहेगा।
विवि के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. सीएस नेगी ने बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर, एमए, एमएससी और एमकॉम की प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं हो चुकी है। लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं सेमेस्टर परीक्षा में शामिल हुए हैं। आगामी सेमेस्टर की कक्षाएं समय पर शुरू हो इसके लिए विवि स्तर पर तैयारी शुरू कर दी गई है।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में छात्रों की ओर से हर बार गड़बड़ी होने या कम अंक आने की शिकायत रहती है। छात्रों की शिकायतों पर विवि के कुलपति प्रो. एनके जोशी ने मूल्यांकन कार्य में तैनात शिक्षकों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। आगामी दो फरवरी को शीतकालीन अवकाश समाप्त होते और कॉलेज शुरू होते ही सेमेस्टर परीक्षाओं का रिजल्ट जारी करने का विवि ने लक्ष्य तय किया है।