पिथौरागढ़। दिल्ली से 41 यात्रियों को लेकर पिथौरागढ़ पहुंचे विमान को मौसम का साथ नहीं मिला। रनवे गीला होने से विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी और यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के बाद भी वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
मंगलवार को सीमांत जिले में हुई बारिश ने दिल्ली से आसान सफर की उम्मीद में विमान से पिथौरागढ़ आने और यहां से लौटने वाले यात्रियों की दिक्कत बढ़ाई। जानकारी के मुताबिक मंगलवार को विमान दिल्ली से 41 यात्रियों को लेकर नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचा। रनवे गीला होने से सुरक्षा की दृष्टि से पायलट ने विमान की लैंडिंग कराने से हाथ पीछे खींच लिए। विमान गंतव्य तक पहुंचने के बाद भी यात्रियों को लेकर वापस दिल्ली लौट गया। वहीं नैनीसैनी एयरपोर्ट पर 26 यात्री दिल्ली जाने के लिए सुबह से ही विमान का इंतजार कर रहे थे। विमान बगैर लैंडिंग के वापस लौट गया। ऐसे में यात्रियों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। कई यात्री कड़ाके की ठंड में टैक्सी और रोडवेज बस से दिल्ली को रवाना हुए। हल्की बारिश में ही विमान के लैंड न होने से भविष्य में मौसम अधिक खराब होने पर विमान सेवा लड़खड़ाने की संभावना बढ़ गई है।
कोट-
मौसम खराब और रनवे गीला होने से विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी। ऐसे में विमान को यात्रियों सहित वापस लौटना पड़ा। लैंडिंग न होने से नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचे यात्री भी दिल्ली नहीं जा सके। - डॉ. दीपक सैनी, सीडीओ और एयरपोर्ट इंचार्ज, पिथौरागढ़।
महंगापुर के श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में कबड्डी में प्रतिभाग करते स्कूली बच्चे। संवाद