कोटद्वार। स्व. शशिधर भट्ट स्मृति खेल संस्था की ओर से राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में पूर्व पालिकाध्यक्ष स्व. शशीधर भट्ट की स्मृति में चल रहे आठ दिवसीय गढ़वाल कप फुटबाल टूर्नामेंट के तीसरे दिन सोमवार को दो लीग मुकाबले खेले गए। जिसमें कण्व सिटी कोटद्वार और दून सिटी ने जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट के तीसरे दिन का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी बीरेंद्र सिंह रावत और अनिल बलूनी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। पहला लीग मुकाबला कण्व सिटी कोटद्वार और न्यू दरबार टिहरी की टीमों के बीच खेला गया। पहले हाफ के 42वें मिनट में कोटद्वार के खिलाड़ी अकुल नेगी गोल दागकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हॉफ के 47वें मिनट में कोटद्वार के अथर्व ने गोल दागकर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद टिहरी के खिलाड़ियों ने गोल उतारने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई और अंत तक यही स्कोर रहा।
दूसरे लीग मुकाबले का उद्घाटन हेवन हेल्थ केयर ग्रोथ सिटी के एमडी सुरेश ठाकुर व संतोष ट्रॉफी के चयनकर्ता देवेंद्र राणा ने किया। दूसरा लीग मुकाबला पौड़ी पैंथर व दून सिटी के बीच खेला गया। पहले हाफ के 12वें मिनट में दून सिटी के स्नेहिल ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। 36वें मिनट में पियूष ने दूसरा गोल दागा। दूसरे हॉफ के 54वें मिनट में पौड़ी पैंथर के खिलाड़ी गौरव ने गोल दागकर मुकाबले को 2-1 के अंतर पर ला दिया। 65वें मिनट में दून सिटी की ओर से नवीन ने गोल दागकर अपनी टीम का 3-1 की बढ़त दिलाई। पौड़ी के खिलाड़ी राहुल ने 75वें मिनट में गोल दागकर मुकाबले को 3-2 के अंतर पर ला दिया। 83वें मिनट में दून सिटी के पदम ने गोल दागकर दून सिटी को 4-1 की बढ़त दिला दी। अंत तक स्कोर यही रहा। मैच के 35वें मिनट में पौड़ी पैंथर के गोलकीपर द्वारा दून सिटी के फारवर्ड खिलाड़ी के साथ रफ खेलने पर रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया। जिससे पौड़ी की टीम ने आगे का मैच 10 खिलाड़ियों के साथ खेला। रेफरी की भूमिका रोहित, पारस, शुभम और रितिक नेगी ने निभाई। मैच का आंखों देखा हाल तरुण इष्टवाल और सुधाीर बहुगुणा ने सुनाया। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष अरुण भट्ट, जिला फुटबाल एसोसिएशन पौड़ी के सचिव सुनील रावत, गोपाल जसोला, शिवम, सिद्धार्थ, विजय राज और हरीश वर्मा आदि मौजूद रहे।
.
बुधवार के मुकाबले
पहला लीग मुकाबला: दिल्ली डेली कस्टम बनाम 16वीं गढ़वाल राइफल्स सुबह 11:30 बजे।
दूसरा लीग मुकाबला: आरेवा नोएडा बनाम पौड़ी पैंथर दोपहर 1:00 बजे।