नगर से सटे देवतोली में साफ सफाई और कूड़ा अलकनंदा नदी में गिरने के मामले में जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत और विकासखंड पोखरी के कर्मचारियों को मौके पर भेजकर साफ सफाई कर कूड़ा कचरे का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर साफ सफाई कर कूड़े को इकट्ठा किया। अमर उजाला संवाद ने मंगलवार के अंक में देवतोली में अलकनंदा में जा रहा कूड़ा शीर्षक नाम से खबर प्रकाशित की थी। नगर पालिका से पृथक हुए देवतोली में साफ सफाई की समस्या उत्पन्न हो गई है। लोग घरों का कूड़ा कचरा राजकीय महाविद्यालय के मुख्य गेट पर डाल रहे है। जिस कारण गेट पर कचरें का ढ़ेर लग रहा है। वहीं कई लोग सड़क के नीचे कूड़ा फेंक रहे है। जो कि सीधे अलकनंदा नदी में जा रहा है। वहीं कूड़ा इकट्ठठा होने से आने जाने वाले लोगों को बदबू का सामना भी करना पड़ रहा है। मंगलवार को जिला पंचायत से कर निरीक्षक आशीष सिंह, द्वारिका प्रसाद खनेड़ा,योगेंन्द्र सिंह, आदि कर्मचारियों ने मौके पर आकर सफाई कर्मचारियों की मदद से मुख्य गेट, अलकनंदा तट, कॉलेज के पास साफ सफाई की। और प्लास्टिक, पॉलिथिनों को इकट्ठा कर कूड़ा वाहन की मदद से डंपिंग जोन में ले गए। छात्र संघ अध्यक्ष प्रीतम सिंह, अनूप रावत ने कहा कि विकासखंड को नियमित रूप से कूड़ा गाड़ी चलानी चाहिए।