कपीरी पट्टी के विभिन्न गांवों को जोड़ने वाला कर्णप्रयाग-नैनीसैण मोटर मार्ग को चार माह के लिए बंद करने का कपीरी विकास संघर्ष समिति ने विरोध किया है। समिति से जुड़े सदस्यों और जनप्रतिनिधियों के एक शिष्टमंडल ने स्थानीय विधायक, सिंचाई और लोनिवि को ज्ञापन दिया। नगर के बहुगुणा नगर में ट्रीटमेंट कार्य के लिए कर्णप्रयाग- नैनीसैंण मोटर मार्ग को चार माह के लिए बंद करने के लिए सिंचाई विभाग ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है। समिति के अध्यक्ष खिलदेव सिंह रावत, महामंत्री महिपाल सिंह, उपाध्यक्ष भगवान कंडवाल ने कहा कि कपीरी पट्टी की 18 ग्राम सभाओं के ग्रामीण, गर्भवती महिलाएं, स्कूली बच्चे, बीमार, नौकरी पेशा कर्मचारी, अध्यापक आदि अपनी रोजमर्रा की जरूरत के सामान के लिए इसी मोटर मार्ग से कर्णप्रयाग सहित अन्य शहरों को आते-जाते हैं। रोड बंद होने से पूरे क्षेत्र पर आर्थिक दबाव पड़ेगा।