कर्णप्रयाग में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी पंती-हंसकोटी मोटर सड़क में बड़े स्तर पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और अनुरक्षण कार्यों में अनियमितताओं को उजागर करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। मींग-डांगतोली-गड़कोट-हंसकोटी (पंती-हंसकोटी) मोटर मार्ग 7.2 किलोमीटर लंबा है और इसे बनाने में 304.7 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके अनुरक्षण के लिए 41.92 लाख रुपये का बजट स्वीकृत था, जिसे 3 दिसंबर 2020 से 2 दिसंबर 2025 तक रेड टेक बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा पूरा किया जाना था। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि अनुरक्षण कार्य किए बिना ही विभाग ने थर्ड-पार्टी जांच करा दी। जब अधिकारी सड़क पर अनुरक्षण का बोर्ड लगाने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और बोर्ड लगाने नहीं दिया।