हाईकोर्ट के आदेश पर शुरू हुआ था सड़क का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवाल। विकासखंड के कोटियाड़ा गांव तक सड़क पहुंच गई है। रविवार को कोटियाड़ा गांव में जेसीबी मशीन पहुंचने पर ग्रामीणों ने मशीन को तिलक लगाया। यहां ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मांग कर रहे थे। विवादों के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर यहां सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ।
करीब 250 की आबादी वाले गांव कोटियाड़ा के लिए बोरागाड़-चौड़ से तीन किमी सड़क की स्वीकृति मिली थी लेकिन कोटियाड़ा के कुछ ग्रामीणों ने इस सड़क का एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर विरोध किया था। इस कारण इस सड़क का काम शुरू नहीं हुआ। बाद में हाईकोर्ट के निर्देश पर बीते दिसंबर माह में सड़क कटिंग का काम शुरू हुआ और रविवार को पीएमजीएसवाई की मशीन और कर्मचारी सड़क काटते हुए गांव तक पहुंच गए। ग्रामीण गंगा सिंह, खुशहाल सिंह, चंदन कोटेड़ी, दरवान सिंह, तारा राम, सीता राम, कमला देवी, पुष्पा देवी आदि ने कहा कि गांव तक सड़क पहुंचने से लोगों को सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता नवीन जोशी और प्रदीप पंवार ने बताया कि सड़क की कटिंग का काम पूरा कर दिया गया है। अब स्कपर और दीवार निर्माण सहित अन्य काम होंगे।