फोटो
कर्णप्रयाग/देवाल/थराली। शनिवार रात को देवाल और थराली के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई। देवाल के पर्यटन स्थल रूपकुंड, वेदनी, बगुवावासा, आली बुग्याल, ब्रह्मताल, बगजी बुग्याल बर्फ से ढक गए हैं। वहीं रिवार हिमालयी क्षेत्र के गांव घेस, हिमनी, बलाण, पिनाऊं, कुलिंग, दीदना गांव में भी रुक-रुककर बर्फबारी जारी है। रूपकुंड व वेदनी बुग्याल में दो से तीन फीट बर्फ पड़ने से हिमालयी क्षेत्र के 24 से अधिक गांव शीतलहर की चपेट में हैं। बुग्यालों में हाे रही बर्फबारी के कारण 50 पर्यटक बेस कैंप लोहाजंग में रुक गए हैं। यूथ हाॅस्टल के महिपत दानू ने बताया कि ठंड बढ़ने से पर्यटकों की संख्या कम होने लगी है। वहीं थराली में झमाझम बारिश हुई और 10 से अधिक गांव बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। थराली के कोलपुड़ी, रतगांव, गुमड़, बज्वाड़, बमोटिया, पारथा, कुराड़, हरिनगर लेटाल, गेरूड़ सहित एक दर्जन गांव में इस मौसम की दूसरी बर्फबारी हुई। कर्णप्रयाग, गौचर, सिमली, आदिबदरी और गैरसैंण शीतलहर की चपेट में रहे।