UP Weather Update: मैासम विभाग का कहना है कि शनिवार से मानसून की सक्रियता सिर्फ दक्षिण तक ही सीमित न रहकर पूर्वी और उत्तराखंड से सटे जिलों को भी अपने दायरे में लेगा। अगले दो दिन बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र के साथ ही अन्य हिस्सों में बारिश की तीव्रता और क्षेत्रफल में विस्तार देखने को मिलेगा। शनिवार के लिए मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, सोनभद्र, कानपुर, जालौन, हमीरपुर, झांसी समेत 11 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही 48 जिलों में गरज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक शनिवार को बुंदेलखंड, विंध्य और कुछ पूर्वी इलाकों में अच्छी बारिश के आसार हैं। हालांकि इस दैारान प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी बादलों की आवाजाही और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने 13 जुलाई तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मानसून द्रोणी के पश्चिमी निम्न दाब क्षेत्र के धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर पश्चिमी दिशा में अग्रसारित होने से अगले 2-3 दिनों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी रहने की संभावना है।