क्रिसमस को लेकर मसीही समाज के लोग मंगलवार को दिन भर तैयारियों में जुटे रहे। समाज के लोगों ने अपने घरों को आकर्षक ढंग से सजाया। प्रभु के जीवन के आधार पर झांकियां बनाई। कैलर गाते हुए एक दूसरे को बधाई दी।
शाम होते ही चर्च विद्युत झालरों से नहा उठे। देर शाम विशेष प्रार्थना हुई। इसमें जगत कल्याण और प्रेम, दया की भावना विकसित करने की कामना की गई। रॉबर्ट्सगंज नगर के क्रिश्चियन काॅलोनी में कई दिनों से क्रिसमस की तैयारी जारी है।
घरों की साफ-सफाई के साथ उसे सजाने में मसीही समाज के लोग जुटे हैं। घरों में कैरल गाए जा रहे हैं। मंगलवार को तैयारियां अंतिम दौर पर रहीं। मसीही समाज के लोगों ने अपने घरों में क्रिसमस ट्री की मोहक तरीके से सजावट की। देर शाम संत जेवियर्स चर्च पहुंचकर समाज के लोगों ने चरनी की झांकी सजाई।
प्रभु यीशु के जीवन और उससे जुड़े संदेशों को झांकियाें में उकेरने में लगे रहे। देर शाम विशेष प्रार्थना में भी शामिल हुए। बुधवार को आमलोग झांकियाें का अवलोकन कर सकेंगे। उधर, बाजार में क्रिसमस से जुड़े सामानों की खूब बिक्री हुई। इसी तरह से दुद्धी, अनपरा समेत अन्य स्थानों पर स्थित चर्च को विद्युत झालरों से आकर्षक तरीके से सजाया गया है।
महंगापुर के श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में कबड्डी में प्रतिभाग करते स्कूली बच्चे। संवाद