सिद्धार्थनगर। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में खुले जन औषधि केंद्र में महंगी दवाएं बेची जा रही हैं। जेनरिक की आड़ में ब्रांडेड दवाएं खपाई जा रही हैं। इससे मरीजों का शोषण हो रहा है। लोगों का कहना है कि यह कमीशन के चक्कर में हो रहा है।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी के डॉक्टर मरीजों को जन औषधि केंद्र भेजने लगे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि डॉक्टर पर्ची पर जेनरिक की जगह ब्रांडेड दवाएं लिख रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि सस्ती दवा की आड़ में महंगी दवाएं बिकवाई जा रही हैं। यह सब कमीशन के लिए किया जा रहा है। केंद्र संचालक ब्रांडेड दवाओं का बिल भी नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को ओपीडी के जन औषधि केंद्र में ब्रांडेड दवाएं बिक रही थीं। कई को पता ही नहीं कि उन्हें सस्ती दवा की आड़ में नामी कंपनियों की दवाएं दी जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में हर दिन एक हजार से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
ऐसे खुली पोल : गोरखपुर से आईं रीतिका ने सोमवार को हड्डी रोग विभाग के एक डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने सस्ती दवा के लिए जन औषधि केंद्र भेजा। उन्होंने बताया कि शुरुआत में लगा कि डॉक्टर का सुझाव अच्छा है, लेकिन एक सप्ताह की दवा की कीमत 920 रुपये से अधिक हुई तो बताया गया कि डॉक्टर के पर्चे में लिखी दवा में ब्रांड नेम है। े