खुदागंज। बाइक फिसलने के बाद खेतों में लगे ब्लेड वाले तार से बालक की गर्दन कटने से मौत हो गई। बाइक चालक भी घायल हो गया।
गांव सूथा निवासी भवगत सरन पाल का 12 वर्षीय बेटा विकास मंगलवार शाम अपने दोस्त विक्रम के साथ बाइक से खुदागंज जा रहा था। बाइक विक्रम चला रहा था। शाम करीब पांच बजे गांव से लगभग ढाई सौ मीटर दूर मंदिर के पास किसी तरह बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। दोनों खेत में गोवंशीय पशुओं से फसलाें को बचाने के लिए लगाए गए ब्लेड वाले तार की चपेट में आ गए। ब्लेड वाला तार विकास के गले में लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव के लोग पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। विकास चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से मां गिरजा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
प्रतिबंध के बावजूद लगाए जा रहे तार
-छुट्टा जानवरों से फसलों को बचाने के लिए लोग तारों को लगाते हैं। प्रशासन ने ब्लेड वाले तारों को लगाने पर रोक लगा रखी है। इसके बाद भी ग्रामीणों को आसानी से ब्लेड वाला तार उपलब्ध हो रहा है। ब्लेड वाले तारों की चपेट में आकर इससे पहले भी कई घटनाएं हो चुकीं हैं। इससे पूर्व भी निगोही में बाइक सवार के सामने छुट्टा पशु आने से वह तार पर गिर गया था। बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी।
हमीरपुर में अंबेडकर सम्मान यात्रा निकालते हुए कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता। स्रोत : संवाद