संभल। असमोली थाना पुलिस की पशु तस्करों से बुधवार दोपहर 2 बजे मुठभेड़ हुई है। इस दौरान एक तस्कर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग गए। तस्करों की फायरिंग में असमोली थाना प्रभारी के हाथ में गोली लगी है। मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी (उत्तरी) कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे। कई थानों की फोर्स को बुलाकर भागे हुए आरोपियों की तलाश में कॉबिंग कराई गई, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने में रिपोर्ट दर्ज की है। एएसपी (उत्तरी)ने बताया कि बुधवार की दोपहर थाना प्रभारी टीम के साथ गश्त पर थे। मुरादाबाद की ओर से बाइक पर आ रहे तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। बदमाश अपनी बाइक को गांव के कच्चे रास्ते पर दौड़ाते हुए लगातार फायरिंग करते रहे। इसी दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर गया। उसके दो साथी फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग निकले। बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला मुरादाबाद के थाना मैनाठेर अंतर्गत गांव मंडी मिलक निवासी इमरान के रूप में हुई है। आरोपी ने भागे हुए आरोपियों की पहचान अपने ही गांव निवासी अलीम व सईम के रूप में बताई है। यह दोनों सगे भाई हैं। एएसपी ने बताया कि भागे हुए आरोपियों की तलाश में तीन थानों की फोर्स लगाई लेकिन पकड़ने में सफलता नहीं मिली। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता के मामले दर्ज हैं। आगे की छानबीन कराई जा रही है। मौके से तमंचा, कारतूस और खोखे के अलावा बाइक मिली है।