कासगंज। गंजडुंडवारा के राजाराम चौराहा स्थित निजी क्लीनिक पर आठ दिन के नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक सील कर दिया। महमदपुर निवासी कृपाल सिंह शुक्रवार की सुबह 9 बजे अपने बीमार नवजात को इलाज के लिए डॉ. सुरेश चंद्रा के निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे। उनका आरोप है कि उपचार के दौरान बच्चे की हालत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन चिकित्सक ने समय पर आवश्यक कदम नहीं उठाए गए। शाम के समय नवजात की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस बीच चिकित्सक और स्टाफ क्लीनिक बंद कर मौके से चले गए। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पुूलिस मौके पर आ गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत किया। सूचना सीएमओ को दी गई। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने टीम को मौके पर भेजा। टीम ने क्लीनिक को सील कर दिया। सीएमओ ने बताया कि क्लीनिक पंजीकृत है, लेकिन अनियमितताओं के चलते सील करने की कार्रवाई की गई है।