कासगंज के पटियाली के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में नरदौली-बहोरा मार्ग पर बृहस्पतिवार की देर शाम ट्रैक्टर की कपलिंग टूटने से ट्राॅली पलट गई। हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों की हालत नाजुक है। हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम प्रदीप कुमार विमल, सीओ संदीप वर्मा, तहसीलदार राम नयन सिंह और नायब तहसीलदार मुकेश कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। बचाव कार्य का जायजा लिया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। क्षेत्र के गांव नगला जैली निवासी मुकेश (50) की बुआ रामसुती देवी निवासी गांव बरा जलालपुर थाना गंजडुंडवारा का बृहस्पतिवार की सुबह निधन हो गया था। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुकेश और उनके रिश्तेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली से सुबह गए थे। अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौटते वक्त देर शाम करीब 6 बजे नरदौली-बहोरा मार्ग पर अचानक ट्रैक्टर की कपलिंग टूट गई। कपलिंग टूटकर सड़क में धंस गई और ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त ट्रॉली में करीब 12 लोग सवार थे। ट्रॉली के नीचे दबने से मुकेश, महाराज सिंह (60) और राजेंद्र (50) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विनीता (45) पत्नी मुकेश, सुनीता (35) पत्नी भूरे और विजेंद्र (50) घायल हो गए। जबकि ट्रॉली में सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर सिकंदरपुर वैश्य थाना प्रभारी चंचल सिरोही पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रॉली को हटवाकर आसपास सर्च अभियान चलवाया गया। ताकि अंधेरे में कोई घायल दबा न रह गया हो। सीओ पटियाली संदीप वर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर को ट्रॉली से जोड़ने वाली कपलिंग के अचानक टूटने से हादसा हो गया। हादसे के समय ट्रॉली में 12 लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं। अन्य की स्थिति सामान्य हैं।