गढ़मुक्तेश्वर। गांव बदरखा निवासी राशिद ने कोतवाली में तहरीर दी है। उसका कहना है कि वह मेरठ रोड पर स्थित ईंट भट्ठे पर काम करता है। सोमवार को वह भट्ठे से 27 हजार रुपये कीमत की ईंट लेकर नगर की रिफ्यूजी कॉलोनी में बन रहे मकान पर गया था। ईंट उतरवाने के दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा, जिसने बिल की पर्ची मांगी और रुपये घर से लाने की बात कह कर चला गया। पीड़ित ने बताया कि काफी देर तक युवक वहां नहीं आया, तो वह मकान के मालिक के घर पर पहुंच गया और भुगतान करने के लिए कहा। जहां पता चला कि पर्ची लेने वाला युवक उनसे 27 हजार रुपये ले कर जा चुका है। उसने आरोपी युवक को काफी तलाशा, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही है।