देवा रोड पर मंगलवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ जाम साढ़े 10 बजे तक बना रहा, जिसमें हजारों वाहन फंसे रहे। तेज धूप और उमस में बुजुर्ग, महिलाएं और मरीज भारी परेशानी झेलते नजर आए। जाम की वजह से न तो कोई वैकल्पिक मार्ग मिल सका और न ही लोग अपने गंतव्य तक समय से पहुंच पाए। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि देवा मार्ग पर एफसीआई गोदाम के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। मंगलवार सुबह जब एक मालगाड़ी गुजरी तो दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इसी बीच एक मिक्सर मशीन का पहिया गड्ढे में फंस गया और टूट गया। इसके बाद जाम लगना शुरू हुआ। स्थिति तब और बिगड़ी जब जल्दबाजी में वाहन चालक रॉन्ग साइड में गाड़ियां ले जाने लगे। कई दोपहिया और चार पहिया वाहनआगे बढ़ने लगे जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जाम हटवाने के लिए मौके पर पहुंचे टीएसआईं राम जतन यादव ने अपनी टीम के साथ काफी मशक्कत की। करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हो सकी। जल्दबाजी और नियमों का उल्लंघन बना जाम की वजह देवा रोड पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क की खराब हालत और गड्ढों के चलते आए दिन हादसे होते हैं। मंगलवार को जब मिक्सर मशीन का पहिया गड्ढे में फंसा तो वाहन चालकों ने धैर्य खोते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन शुरू कर दिया। रॉन्ग साइड चलने और एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में खुद ही हालात बिगड़ते चले गए।