बाराबंकी। सफदरगंज थाना क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों के बाद सफदरगंज पुलिस, स्वॉट, सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया। तीन शातिरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, दो मोटरसाइकिल, सरसों की बोरियां, मेंथा ऑयल और शराब समेत भारी मात्रा में सामान बरामद किया है। एएसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह ने रविवार शाम पुलिस लाइन सभागार में प्रेस-कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मसौली थाना क्षेत्र के पहलीपार गांव निवासी बिरजू रावत उर्फ राहुल, अवनीश वर्मा उर्फ लकी व सफदरगंज इलाके के कुड़ी गांव निवासी राज वर्मा उर्फ एसके को पकड़ा। एएसपी ने बताया कि यह तीनों अपने दो अन्य साथी पहलीपार गांव के ही रोहित उर्फ करिया व दुर्गेश वर्मा उर्फ कुन्नू के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। पूछताछ में तीनों ने 10 जनवरी को सफदरगंज चौराहे के पास स्थित सर्राफे की दुकान में, 11 जनवरी को अंग्रेजी शराब की दुकान में, 29 दिसंबर 2025 को मीरापुर गांव के घर से तथा जैदपुर क्षेत्र में एक स्थान से चोरी करने की घटना स्वीकर की। सफदरगंज के थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि वे दिन में संभावित स्थानों की रेकी करते थे और वारदात के समय जानबूझकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे, ताकि सर्विलांस से बचा जा सके। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए मुख्य मार्गों के बजाय खेतों और बागों के रास्तों का सहारा लिया जाता था।