अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा और छठ पूजा के बाद यात्रियों के काम पर वापस लौटने के चलते ट्रेन और बसों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बाराबंकी में परिवहन निगम श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा करने में पीछे है। देवा रोड स्थित बस स्टेशन से अनुबंधित बसें केवल जिले और लखनऊ तक का ही सफर कराती हैं। जबकि, लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर चलने वाली बसें न तो शहर के अंदर आती हैं, और ना ही शहर के निकट। अयोध्या रोड पर अंतरजनपदीय बस अड्डे पर ठहर रही हैं। ऐसी हालत में निजी और डग्गामार बसे हाईवे पर यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रही हैं। परिवहन निगम की लापरवाही के कारण शहर में अयोध्या लखनऊ हाईवे पर चौपुला चौराहे के पास पुलिस बूथ के सामने डग्गामार बसें यात्रियों को बैठा रही हैं। लंबी दूरी वाली बसें बाराबंकी शहर के अंदर से नहीं आती और शहर के बाहर बाहर बाईपास से ही गुजर जाती है जबकि निजी बस शहर के अंदर से भी अयोध्या व अन्य जिलों के लिए यात्री बैठा रही हैं।यात्री मजबूरी में इन्हीं बच्चों का सहारा ले रहे हैं। इससे परिवहन निगम को राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। यह भी बता दें कि कई राज्यों और जिलों के श्रद्धालु बाराबंकी से होकर ही अयोध्या जाते हैं।