बाराबंकी में सावन के दूसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। लोधेश्वर महादेव मंदिर के अलावा हैदरगढ़ स्थित अवश्नेश्वर महादेव मंदिर और सिरौली गौसपुर के कुंतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भगवान शिव का जलाभिषेक और पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, फूल, धतूरा और दूध अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में भी पूजा को लेकर खासा उत्साह नजर आया। भीड़ को देखते हुए मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्था के इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने में जुटे रहे। सावन के दूसरे सोमवार पर शिवालयों में दिनभर भक्तों की आवाजाही बनी रही।