बाराबंकी में रामनगर कोतवाली क्षेत्र में चोरों ने हैरतअंगेज वारदात को अंजाम देते हुए एक पेट्रोल पंप के कमरे से करीब 10 लाख रुपये से भरी पूरी तिजोरी ही उठा ले गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि चोर देर रात पेट्रोल पंप परिसर में घुसे और सीधे उस कमरे तक पहुंचे, जहां नकदी रखी तिजोरी मौजूद थी। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने ताला तोड़ने या पैसे निकालने के बजाय पूरी तिजोरी ही उठाकर फरार होना ज्यादा आसान समझा। घटना की तस्वीरें पेट्रोल पंप में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति तिजोरी को ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। पुलिस अब उसी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।