बाराबंकी में महाशिवरात्रि पर्व और श्री लोधेश्वर महादेव फाल्गुनी मेले को लेकर जनपद में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ यातायात प्रबंधन को भी सुदृढ़ किया गया है। प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मेला क्षेत्र एवं आसपास के संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। पीएसी, महिला पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस की भी समुचित व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है और वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण किया गया है, ताकि पैदल कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन मिल सके। पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या कंट्रोल रूम को दें। प्रशासन का दावा है कि पुख्ता सुरक्षा इंतजामों के चलते इस बार महाशिवरात्रि और श्री लोधेश्वर महादेव फाल्गुनी मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।