बाराबंकी में हनुमान जयंती का पर्व उल्लास और श्रद्धा के माहौल में मनाया गया। शहर के प्राचीन धनोखर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार देखने को मिली। इस मंदिर का लगभग 200 साल पुराना इतिहास है। इसकी सुंदर नक्काशी, भक्तों के मन में आस्था के दीप प्रज्ज्वलित कर देती है। धनोखर मंदिर में बजरंगबली का दिव्य शृंगार किया गया। इसके साथ ही ढोल, मंजीरा और झांझ की मधुर थाप पर भक्तों ने बजरंगबली का गुणगान करते हुए भजनों का गायन किया। इसके अलावा लखपेड़ाबाग स्थित बालाजी हनुमान मंदिर, कैलाश आश्रम, लोधेश्वर महादेवा में स्थित हनुमान मंदिर, श्री राम वन कुटीर हढ़ियाकोल में रोग हरण हनुमान मंदिर, रामसनेहीघाट में पुराना हनुमान मंदिर, छोटी हनुमानगढ़ी मंदिर तथा कोटवा धाम के हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लग गई। मंदिरों में दिनभर विविध धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हुए।