बाराबंकी में छठ पर्व उल्लास और धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर आसपास के घाटों पर शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए शहर उमड़ पड़ा। आस्था, परंपरा और उल्लास के बीच नदी के घाट व तालाबों पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद से ही छठ की छटा छा गई। छठ मइया के गीतों की धुन पर घाटों पर जुटते परिवार, लाल-पीली साड़ी में सोलह सिंगार, नाक से मांग तक भरे सिंदूर, निराजल व्रत के बावजूद चेहरे आस्था की चमक लिए घुटने तक पानी में अर्घ्य देने को बारी-बारी से खड़ी होती महिलाएं। पूर्वांचल व मिथिलांचल से दूर रहकर भी संस्कृति और परंपरा का नजारा घाटों व तालाबों पर दिखाई दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत रेठनदी के घाट पर पूजा करने पहुंची।