बाराबंकी में फतेहपुर क्षेत्र के रामनेवाजपुरवा गांव में नहर पटरी के किनारे स्थित मेंथा की टंकी के पास करीब 10 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर मेंथा की टंकी के समीप झाड़ियों में छिपा हुआ था। अचानक ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान मौके से सांप के कुछ अंडे भी बरामद हुए, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि अजगर प्रजनन के लिए सुरक्षित स्थान की तलाश में वहां पहुंचा था। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उसके प्राकृतिक आवास वाले जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया। वन दरोगा रवींद्र ने बताया कि वर्तमान समय सांपों के प्रजनन का मौसम है। इस दौरान सांप और अन्य सरीसृप भोजन तथा सुरक्षित स्थान की तलाश में खेतों, झाड़ियों और आबादी वाले इलाकों के आसपास दिखाई दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी जंगली जीव या सांप के दिखाई देने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।