टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले से पहले भगवान की नगरी अयोध्या में भारतीय टीम की जीत के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया जा रहा है। अयोध्या के सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी मंदिर में यज्ञ और विशेष पूजा का आयोजन किया गया है। हनुमानगढ़ी मंदिर की यज्ञशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हनुमत महामंत्र, आदित्य हृदय स्त्रोत और राम रक्षा स्त्रोत की आहुतियां दी जा रही हैं। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास के नेतृत्व में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहा है। वैदिक बटुक ब्राह्मणों द्वारा यज्ञ में आहुतियां दी जा रही हैं और श्रद्धालुओं के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया जा रहा है। दरअसल आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मुकाबला खेला जाना है। ऐसे में देशभर की तरह अयोध्या में भी क्रिकेट प्रेमी और श्रद्धालु भारतीय टीम की जीत की कामना कर रहे हैं। भगवान राम की नगरी में सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी मंदिर पर यह विशेष आराधना भारतीय टीम के विश्व विजेता बनने की प्रार्थना के साथ की जा रही है।