युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से जेएसआर अवध प्रीमियर लीग (एपीएल) का रविवार को शुभारंभ किया गया। परिक्रमा मार्ग स्थित होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया गया कि प्रतियोगिता अक्तूबर के अंतिम सप्ताह में डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में टी-20 की तर्ज पर होगी। इसमें अयोध्या समेत पूर्वांचल के आठ जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे। 12 वर्ष आयु वर्ग से ओपन वर्ग तक के खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिया गया है। चयन के बाद टीमों का गठन होगा तथा विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और सम्मान पत्र दिए जाएंगे। जेएसआर वेलफेयर सोसायटी के डॉ अरविंद मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच देना है। साथ ही 7 से 45 वर्ष आयु वर्ग के लिए हम हैं सुपर स्टार टैलेंट हंट कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।