उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर जमीन खरीद में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने दावा किया कि नवंबर 2023 में ट्रस्ट ने मांझा शाहनेवाजपुर क्षेत्र में एक ऐसी जमीन खरीदी जिसकी सरकारी मालियत करीब 1.73 करोड़ रुपये थी, लेकिन उसके लिए लगभग 29.67 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया। इसी प्रकार एक अन्य भूमि, जिसकी सरकारी मालियत करीब 9 करोड़ रुपये थी, उसे लगभग 55.27 करोड़ रुपये में खरीदा गया। शुक्ला ने कहा कि सरकारी मूल्यांकन से कई गुना अधिक कीमत पर जमीन खरीदने के पीछे क्या कारण थे, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। उनका सवाल है कि जब ट्रस्ट की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई, तो एसआईटी जांच किस आधार पर शुरू की गई। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं संबंधित मामले में तहरीर देकर जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। शुक्ला ने कहा कि एक राम भक्त होने के नाते वह केवल पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना चाहते हैं। फिलहाल ट्रस्ट की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।