राम मंदिर ट्रस्ट के पुनर्गठन और व्यवस्थाओं में बदलाव को लेकर सुप्रीम कोर्ट में दायर निर्मोही अखाड़ा की याचिका के बीच ट्रस्ट सदस्य एवं निर्मोही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि उन्हें इस याचिका की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मंदिर की व्यवस्थाओं, प्रशासनिक विषयों और ट्रस्ट में रिक्त पदों को भरने पर विचार किया जाएगा। महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि मंदिर की व्यवस्थाओं में काफी सुधार हुआ है और श्रद्धालुओं को अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। वहीं, 23 जुलाई को प्रस्तावित संतों की बैठक पर उन्होंने कहा कि वैष्णव संप्रदाय के सभी संत-महंत और अखाड़े जो सामूहिक निर्णय लेंगे, वही सभी के लिए मान्य होगा। अब सभी की निगाहें 22 व 23 जुलाई की बैठकों पर टिकी हैं।