श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना के बाद शुरू किया गया प्रायश्चित पूजन लगातार जारी है। वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में मंदिर परिसर में विशेष वैदिक अनुष्ठान, हवन और मंत्रोच्चार किए जा रहे हैं। यह पूजन मंदिर की धार्मिक मर्यादा की पुनर्स्थापना तथा श्रद्धालुओं की आस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। मंदिर सूत्रों के अनुसार, प्रायश्चित अनुष्ठान के दौरान भगवान श्रीरामलला के समक्ष विशेष पूजन, हवन, शांति पाठ एवं वैदिक कर्मकांड संपन्न कराए जा रहे हैं। इसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए वैदिक विद्वान और आचार्य भाग ले रहे हैं। नियमित दर्शन व्यवस्था पूर्ववत जारी है और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह अनुष्ठान लगभग 10 दिनों तक चलेगा। ट्रस्ट का उद्देश्य मंदिर परिसर की आध्यात्मिक गरिमा बनाए रखना तथा हालिया घटनाक्रम के बाद श्रद्धालुओं के बीच विश्वास और सकारात्मक संदेश देना है।